- जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को लेकर केलांग में समीक्षा बैठक आयोजित, 1 से 15 नवंबर तक होंगी विभिन्न गतिविधियां
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवंबर को केलांग में होगा मुख्य समारोह
केलांग, 30 अक्टूबर 2026……भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के तहत जिला लाहौल एवं स्पीति में 1 से 15 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का मुख्य समारोह केलांग में आयोजित होगा। इन आयोजनों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को केलांग में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
उपायुक्त निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का संचालन पीओ (आईटीडीपी) अश्वनी कुमार ने किया। बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनजातीय गौरव दिवस के इस विशेष अभियान को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों और कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर बताया गया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का एक व्यापक कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके तहत ‘धरती आबा योजना’ से आच्छादित गांवों में इन गतिविधियों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पेंटिंग, भाषण, कला एवं हस्तशिल्प सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनजातीय संस्कृति, कला एवं परंपराओं पर आधारित कार्यक्रमों के साथ-साथ विषय आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। युवाओं को इन गतिविधियों से जोड़ने के लिए एनएसएस (NSS), एनसीसी (NCC) तथा ‘माई भारत पोर्टल’ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
आउटरीच गतिविधियों के तहत स्वच्छता एवं पौधारोपण के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों को सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम’ से भी जोड़ा जाएगा, जिसके अंतर्गत सभी अधिकारी अपने-अपने गोद लिए हुए स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे तथा उन्हें विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे।
इसी तरह ‘रिफॉर्म उत्सव’ के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा जनजातीय भाषाओं के संरक्षण एवं प्रोत्साहन से संबंधित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को बढ़ावा दिया जा सके।
बैठक के अंत में उपायुक्त निवेदिता नेगी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता कार्यक्रम प्रत्येक पंचायत में अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएं तथा सभी निर्धारित गतिविधियों की समयबद्ध एवं नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पौधारोपण, युवा सहभागिता और विद्यार्थियों से जुड़ी गतिविधियों को भी पूरी सक्रियता के साथ संचालित करने पर बल दिया, ताकि 1 से 15 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके।
