तांदी में हुए सड़क हादसे में 3 की मौत, 4 घायल
लाहौल एवं स्पीति जिला के तांदी क्षेत्र में सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा तब हुआ जब हुंडई आई 20 वाहन (नंबर एचआर 03पी 3251) कुठाड़ (तांदी) गांव से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सलग्रां गांव की ओर जा रहा था। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह सलग्रां और एक भुजंड गांव का निवासी था। जैसे ही वाहन एस एच -26 मार्ग पर वीर मंदिर तांदी के पास एक मोड़ पर पहुंचा, चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क से नीचे सीधे चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही तांदी पुलिस चौकी, उदयपुर पुलिस थाना और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी गंभीर घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) उदयपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को भी पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई के लिए CHC उदयपुर लाया जा रहा है।
डीएसपी क्षमादत शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नियमानुसार मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही आशंका जताई जा रही है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद लाहौल एवं स्पीति पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें, मोड़ों पर गति धीमी रखें और यातायात नियमों का पूरी तरह से पालना करें।
