- भाजपा शासित राज्यों में प्रदर्शन करने वाली कॉकरोच पार्टी पहले अपने राजनीतिक आकाओं से पूछे—हिमाचल में चिट्टे पर चुप्पी क्यों: श्रीकांत शर्मा
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रभारी एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने कुल्लू में भाजपा शासित प्रदेशों में प्रदर्शन करने वाली कॉकरोच पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देने और भाजपा के खिलाफ राजनीतिक शोर मचाने वालों को पहले हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे और चिट्टे की समस्या पर जवाब मांगने का साहस दिखाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कॉकरोच पार्टी को एक ही थैली के चट्टे-बट्टे करार देते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए इन दलों के पास पूरी ताकत है, लेकिन जब युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे चिट्टे का सवाल उठता है, तो इनकी राजनीति और प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
श्रीकांत शर्मा ने कॉकरोच पार्टी से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में प्रदर्शन करके राजनीतिक सुर्खियां बटोरना आसान है, लेकिन जनता के वास्तविक सवालों पर जवाबदेही मांगना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने पूछा कि भाजपा विरोधी प्रदर्शन करने वाले लोग हिमाचल प्रदेश में नशे की समस्या पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार से जवाब क्यों नहीं मांगते? क्या नशे के खिलाफ आवाज उठाने का पैमाना भी राजनीतिक सुविधा के हिसाब से तय होगा? उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को नारे लगाने के बजाय युवाओं की जिंदगी से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।
सुक्खू सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी ने पूछा कि प्रदेश में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क को तोड़ने, नशीले पदार्थों की आपूर्ति रोकने और इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार नशा तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई का तथ्यात्मक विवरण सार्वजनिक करे और स्पष्ट करे कि चिट्टा माफिया पर निर्णायक प्रहार कब होगा तथा युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए उसकी ठोस कार्ययोजना क्या है।
अंत में श्रीकांत शर्मा ने कहा कि नशा माफिया के खिलाफ निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण के आरोप सामने आते हैं, तो दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के उपचार, पुनर्वास और व्यापक जागरूकता अभियानों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा नशामुक्त हिमाचल के संकल्प के साथ युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और कांग्रेस सरकार तथा कॉकरोच पार्टी को चिट्टे के मुद्दे पर जनता के सवालों से भागने नहीं दिया जाएगा।
