अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस–2026: ‘समर्थ-2026’ के तहत DDMA लाहौल-स्पीति की पहल, सभी विद्यालयों एवं सरकारी विभागों में भूकंप सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित
लाहौल-स्पीति, 13 अक्टूबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस (International Day for Disaster Risk Reduction – IDDRR) के अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), लाहौल-स्पीति द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (HPSDMA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘समर्थ-2026’ (SAMARTH-2026) अभियान के अंतर्गत जिले में आपदा जोखिम न्यूनीकरण (Disaster Risk Reduction – DRR), जन-जागरूकता एवं आपदा पूर्व तैयारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों एवं सरकारी विभागों में भूकंप सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भूकंप के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का अभ्यास करवाया गया। विशेष रूप से ‘Drop, Cover and Hold On’ तकनीक के माध्यम से भूकंप के झटके महसूस होने पर नीचे झुकने, मजबूत मेज या डेस्क के नीचे सुरक्षित शरण लेने तथा उसे मजबूती से पकड़कर रखने के बारे में जानकारी दी गई। इन गतिविधियों का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा आपदा के प्रति तैयारियों को मजबूत बनाना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत आपदा प्रबंधन के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं, जैसे आपदा पूर्व तैयारी (Preparedness), जोखिम न्यूनीकरण (Mitigation), प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (Early Warning System – EWS), सुरक्षित निकासी (Safe Evacuation) एवं सामुदायिक सहभागिता (Community Participation) पर भी जोर दिया गया।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (District Emergency Operations Centre – DEOC), लाहौल-स्पीति की भूमिका के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि DEOC, DDMA के अंतर्गत आपदा संबंधी सूचनाओं के संकलन, विभागीय समन्वय, चेतावनियों के प्रसार तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग प्रदान करता है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 112 एवं 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
पंचायत स्तर पर ग्राम आपदा प्रबंधन योजना (Village Disaster Management Plan – VDMP), प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, सामुदायिक प्रतिक्रिया तंत्र (Community Response Mechanism) तथा ग्राम पंचायत विकास योजना (Gram Panchayat Development Plan – GPDP) में आपदा जोखिम न्यूनीकरण गतिविधियों को शामिल करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त, नागरिकों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, असुरक्षित भवनों एवं नालों के आसपास मौजूद जोखिमों के प्रति सतर्क रहने तथा भारी बारिश के दौरान नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने, पानी का रंग बदलने या पहाड़ी से पत्थर गिरने जैसी परिस्थितियों में तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने और प्रशासन को सूचित करने की सलाह दी गई।
DDMA द्वारा पंचायत स्तर पर प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवक कार्यबल तैयार करने के उद्देश्य से आपदा रक्षक एवं स्वयंसेवक प्रशिक्षण पहल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक पंचायत से 15 इच्छुक व्यक्तियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार (First Aid), सुरक्षित निकासी, जन-जागरूकता एवं आपातकालीन सहायता संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की गई कि वे आपदा प्रबंधन को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएँ, प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा आपदा के समय जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएँ।
DDMA, लाहौल-स्पीति ने सभी नागरिकों से आपदा जोखिम न्यूनीकरण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा सुरक्षित, जागरूक एवं आपदा-सक्षम समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
