दशहरा उत्सव में चरमरा कर रह गई सफाई व्यवस्था
कुल्लू, 6 नवंबर : अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था को बेहतरीन बनाने के लिए प्रयास किए गए लेकिन पहली बार ऐसा हुआ कि सफाई व्यवस्था चरमरा कर रह गई। नगर परिषद द्वारा सफाई व्यवस्था को बढ़िया बनाए जाने के लिए एक कंपनी को करीब 200 सफाई कर्मियों के तैनात करने के लिए ठेका दिया गया लेकिन शुरूआत में ही ठेकेदार 200 सफाई कर्मी पहुँच नहीं पाए ओर मात्र 70 ही सफाई कर्मियों की व्यवस्था हो पाई। नप अधिकारी कर्मचारियों के अथक प्रयास के बाद एक अन्य ठेकेदार के माध्यम से 100 सफाई कर्मियों को मेले में तैनात किया गया लेकिन स्थिति उस समय बिगड़ गई जब सफाईकर्मियों द्वारा गत दिवस दीपावली के नाम से व्यापारियों से 100 – 100 रूपए उगाही कर ली लेकिन उसके पश्चात मैदान से दूरी बना ली।
हालत इतनी बुरी दिखाई दे रही है कि एक तरफ दशहरा में भीड़ ओर दूसरी तरफ हर तरफ फैला कचरा जिला प्रशासन ओर नगर परिषद के दावों की हवा निकल गई। हर कोई मेले में बिखरे कचरे को देखकर परेशान है।
वहीं नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर ने कहा कि उनके ध्यान में कूड़ा न उठाए जाने का मामला आया है। उन्होंने कहा शीघ्र ही सफाई व्यवस्था पर बड़ा फैसला लिया जाएगा। मेले में कूड़ा बिखरा रहे इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
