एनएचपीसी के महाप्रबंधक (यांत्रिक) सुधीर कुमार ने 10 नवंबर 2026 को 800 मेगावाट क्षमता वाले पार्बती-II पावर स्टेशन के प्रमुख के रूप में नगवाईं स्थित प्रशासनिक परिसर में अपना कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह पार्बती-III पावर स्टेशन, बिहाली में प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। एनएचपीसी के विभिन्न संस्थानों में 28 वर्षों से अधिक का लंबा अनुभव रखने वाले श्री नेगी को ऊर्जा क्षेत्र में कुशल नेतृत्व और तकनीकी विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है। वह पूर्व में भी पार्बती-II परियोजना के पावर हाउस में ‘कॉन्सेप्ट टू कमीशनिंग’ जैसी महत्वपूर्ण भूमिका बखूबी निभा चुके हैं।
अपने शानदार सेवाकाल की शुरुआत उन्होंने 12 नवंबर 1998 को एनएचपीसी के सलाल पावर स्टेशन से की थी। इसके उपरांत, उन्होंने वर्ष 2004 से 2008 तक चमेरा-II, वर्ष 2009 से 2020 तक पार्बती परियोजना चरण-II और वर्ष 2021 में पकलदुल परियोजना में अहम जिम्मेदारियां संभालीं। इसके अलावा, वर्ष 2025 में उन्होंने 500 मेगावाट की निर्माणाधीन डुगर जलविद्युत परियोजना में भी परियोजना प्रमुख के रूप में कार्य किया है।
पार्बती-II पावर स्टेशन के प्रमुख का कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी से पूरी निष्ठा, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा सामूहिक प्रयासों के बल पर पावर स्टेशन और एनएचपीसी को नई ऊंचाइयों व उपलब्धियों तक पहुंचाने की अपील की। उनके इस नए दायित्व ग्रहण करने से परियोजना के कार्यों में और अधिक तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
