-
डॉ. अमित शर्मा ने संभाला कुल्लू डीसी का कार्यभार
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की तैयारियों में लाई जाएगी तेजी, राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी प्राथमिकता से होगा काम
कुल्लू, 26 सितंबर : डॉ. अमित शर्मा ने शनिवार को कुल्लू के नए उपायुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आवश्यक जानकारी ली और जिले से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
डीसी डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्सव के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यक कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, ऐसे में प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित कुल्लू दौरे को लेकर भी प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर दौरे से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
नवनियुक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाए तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय कायम करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। इससे पहले जिला प्रशासन के ए डी एम सुरजीत सिंह राठौर, एसडीएम जेबंती ठाकुर, रेड क्रॉस सचिव चंद्रकेस शर्मा, नप इओ ललित कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने उनका यहां पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट करके स्वागत किया।
