कुल्लू और मंडी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाकाबंदी के दौरान ढाई किलो से अधिक चरस के साथ 3 गिरफ्तार
कुल्लू /
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार, 10 अक्टूबर को कुल्लू और बिंद्रावनी में की गई नाकाबंदी के दौरान अलग-अलग मामलों में कुल 2 किलो 465 ग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पहले मामले में, मणिकर्ण सड़क मार्ग पर जाछणी के पास पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान भुंतर की ओर जा रही एक स्थानीय इलेक्ट्रिक एचआरटीसी (HRTC) बस की जांच की गई। तलाशी के दौरान बस में सवार राजस्थान के कोटा निवासी 22 वर्षीय लकी नायक पुत्र गोविंद सिंह नायक के कब्जे से 465 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भुंतर में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
वहीं दूसरे मामले में, बिंद्रावनी के पास एसटीएफ की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार (HP 34D 0266) को जांच के लिए रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो व्यक्तियों के पास से 2 किलोग्राम चरस बरामद की गई। आरोपियों की पहचान महेश कुमार (निवासी बनोगी, कुल्लू) और प्रीतम सिंह (निवासी भेखली, कुल्लू) के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना एसटीएफ मंडी में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसटीएफ (नारकोटिक्स) मंडी (स्थित कुल्लू) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
