चिट्टा मामले में एक ओर आरोपी गिरफ्तार

बंजार में 10.39 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 22 और 23 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि को जिला डिटेक्शन सेल बंजार की टीम ने धामण पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक वाहन की तलाशी ली थी। उस दौरान बालीचौकी और सिल्ह (बंजार) के दो युवकों के पास से 10.39 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी, जिस पर पुलिस थाना सैंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने पुखरी गांव (डाकघर ब्रैहिण, तहसील सैंज) निवासी 30 वर्षीय एक अन्य युवक को भी 27 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए इस आरोपी को 28 सितंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। सैंज पुलिस इस मामले में नशीली दवाओं के स्रोत, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में गहराई से छानबीन कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
