- राष्ट्रपति के लाहौल दौरे की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
केलांग, 28 सितंबर। राष्ट्रपति के प्रस्तावित लाहौल दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी संबंध में आज उपायुक्त कार्यालय, केलांग के सम्मेलन कक्ष में एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रपति के अटल टनल के उत्तर पोर्टल पहुंचने पर स्वागत समारोह, रिसेप्शन, पारंपरिक स्वागत एवं गार्ड ऑफ ऑनर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप पूरी की जाएं और प्रत्येक स्तर पर आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अटल टनल तक सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी रूट के लिए ट्रैफिक कंट्रोल एवं डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
बैठक में सुरक्षा कर्मियों के ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अटल टनल के निरीक्षण के दौरान टनल की तकनीकी एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
मॉडल रूम में होने वाली ब्रीफिंग एवं प्रस्तुति, बैठने की व्यवस्था और हाई टी सहित अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने, भीड़ नियंत्रण, मीडिया कवरेज के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा पूरे रूट एवं आयोजन स्थल पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने खराब मौसम अथवा किसी अन्य आकस्मिक परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने, जिला नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अटल टनल के उत्तर पोर्टल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। अटल कैफे को ग्रीन रूम के रूप में तैयार करने के लिए आवश्यक मरम्मत एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान आसपास की दुकानों को बंद रखने तथा वीवीआईपी रूट पर खड़े अवैध एवं लावारिस वाहनों को हटाने के भी निर्देश दिए गए।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सभी तैयारियों को पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि राष्ट्रपति महोदय का लाहौल दौरा सुरक्षित, सुचारू, व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो।इस बैठक में पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी मेहला,पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार,तहसीलदार विकास कुमार,बीडीओ मुनीश राय,सीएमओ डॉ एमके गाँधी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी गुलेरिया,जिला कृषि अधिकारी चौधरी राम, एसीएफ अनु ठाकुर ,बीआरओ, बीएसएनएल एवं एचआरटीसी के अधिकारियों ने भाग लिया ।
