दीपावली तक पेयजल ओर सिंचाई योजना ठीक नहीं हुई तो होगा आंदोलन, राणा
कुल्लू की खराहल घाटी में पेयजल और सिंचाई योजनाओं के बहाल न होने से ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है। जिला परिषद अध्यक्ष अनिल राणा के नेतृत्व में नौ पंचायतों के प्रधानों ने सोमवार को एक तीखी प्रेस वार्ता कर जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और पिछले पांच महीने से केवल झूठे आश्वासन मिलने का आरोप लगाया। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे किसी नई योजना की मांग नहीं कर रहे, बल्कि पिछले वर्ष आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई पुरानी योजनाओं को ही ठीक करने की गुहार लगा रहे हैं, जिस पर विभाग के अधिकारी सिर्फ टालमटोल कर रहे हैं। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि दीपावली तक इन योजनाओं को चालू नहीं किया गया, तो घाटी की जनता और बर्दाश्त नहीं करेगी तथा मजबूरन विभाग और सरकार के खिलाफ एक उग्र और जबरदस्त धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
