युवा महोत्सव: वाद-विवाद में एआई पर बहस, लोकगीतों में हिमाचली संस्कृति की झलक
– कुल्लू कालेज में युवा महोत्सव का दूसरा दिन
– समापन समारोह में एसपीयू मंडी के वीसी होंगे मुख्य अतिथि
कुल्लू (30 सितम्बर 2026)। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में आयोजित युवा महोत्सव के दूसरे दिन बौद्धिक विमर्श और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। वाद-विवाद प्रतियोगिता में जहां विद्यार्थियों ने अपने तर्को से दर्शकों सोचने पर विवश कर दिया, वहीं लोकगीत प्रतियोगिता में हिमाचल की संस्कृति को प्रस्तुत कर खूब मनोरंजन किया। युवा महोत्सव का समापन वीरवार को होगा, जिसमंे सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी बतौर मुख्यअतिथि उपस्थित रहेंगे।
बुधवार को ग्रुप-वन के अंतर्गत आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता: युवाओं के भविष्य के लिए वरदान या खतरा?” रहा। हिंदी माध्यम से कुल्लू, जोगिंदरनगर, बास्सा, करसोग, हरिपुर, लम्बाथाच, बंजार, मंडी, थाची, सरकाघाट और अंग्रेजी माध्यम से कुल्लू, जोगिंदरनगर, करसोग, मंडी व सरकाघाट के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने तर्क दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा, स्वास्थ्य, शोध, संचार और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रही है। इसके माध्यम से विद्यार्थी ज्ञान के नए स्रोतों तक आसानी से पहुंच सकते हैं और अनेक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं कम समय में पूरा कर सकते हैं। वहीं, विपक्ष में बोलने वाले विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते उपयोग से जुड़ी संभावित चुनौतियों को सामने रखा। उन्होंने रोजगार के स्वरूप में बदलाव, तकनीक पर बढ़ती निर्भरता, मानवीय कौशल और रचनात्मकता पर संभावित प्रभाव, निजता तथा साइबर सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिभागियों ने अपने तर्कों के समर्थन में समकालीन उदाहरण प्रस्तुत करते हुए यह स्पष्ट करने का प्रयास किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभाव उसके उपयोग और उद्देश्य पर निर्भर करता है। विद्यार्थियों की तार्किक प्रस्तुति, आत्मविश्वास और प्रभावशाली वक्तृत्व ने प्रतियोगिता को रोचक बना दिया।
ग्रुप-टू में लोकगीत प्रतियोगिता ने पूरे वातावरण को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया। इस दौरान पनारसा, कुल्लू, बंजार, बास्सा, मंडी, करसोग, निहरी, सरकाघाट व हरिपुर कालेज के विद्यार्थियों ने हिमाचल की समृद्ध लोक परंपरा से जुड़े गीतों की प्रस्तुतियां देकर अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। पारंपरिक लोकधुनों और सामूहिक गायन से महाविद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। प्रतिभागियों ने लोकगीतों के माध्यम से हिमाचल के ग्रामीण जीवन, प्रकृति, सामाजिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को स्वर दिया। प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य डा. राकेश राणा ने बताया कि युवा महोत्सव को समापन वीरवार को होगा। इस दौरान सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी बिजेताओं को बतौर मुख्यअतिथि सम्मानित करेंगे। इस दौरान प्रो. राजेश कुमार, डा. सोम नेगी, डा. चारू, डा. हरि सिंह ठाकुर, डा. शैलजा डा. ठाकुर सेन डा. हेम राज समेत, डा. संगीता समेत महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
