Hindi News » kullu » %e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b2 %e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%b0%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b7%e0%a4%a3 %e0%a4%aa%e0%a4%b0 %e0%a4%b6%e0%a4%bf%e0%a4%b5%e0%a4%bf%e0%a4%b0 %e0%a4%86%e0%a4%af%e0%a5%8b%e0%a4%9c

बाल संरक्षण पर शिविर आयोजित

Kullu Manali Headlines

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शांशा में बाल अधिकार, बाल संरक्षण एवं किशोर स्वास्थ्य पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन, जिसमें 95 प्रतिभागियों ने लिया भाग लिया चाईल्ड हेल्पलाइन यूनिट लाहौल स्पीति ब जिला बाल संरक्षण इकाई लाहौल एवं स्पीति तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शांशा के संयुक्त तत्वावधान से विद्यालय परिसर में बाल अधिकारों पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय महिला मंडल शांशा की लगभग 95 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों एवं समुदाय को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों, सरकारी योजनाओं तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से जागरूक करना था, ताकि “सुरक्षित बचपन – समृद्ध भविष्य” के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। शिविर में जोगिंदर कुमार, संरक्षण अधिकारी (संस्थागत) ने अपने मुख्य वक्तव्य में कहा कि बच्चा अपराधी नहीं, बल्कि देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाला व्यक्ति है। उन्होंने किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम 2015 के प्रावधानों, चाइल्ड इन नीड ऑफ केयर एंड प्रोटेक्शन (CNCP) तथा चाइल्ड इन कॉन्फ्लिक्ट विद लॉ (CICL) की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि जिला में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 24×7 कार्यरत है।
डॉ. हीरा नंद, जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने कहा कि बाल अधिकारों में जीने का अधिकार, संरक्षण का अधिकार, विकास का अधिकार और सहभागिता का अधिकार शामिल हैं। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, POCSO अधिनियम 2012, बाल श्रम निषेध अधिनियम एवं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, स्पॉन्सरशिप योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला मंडल से आह्वान किया कि वे गांव स्तर पर बाल विवाह, बाल श्रम पर नजर रखें और तुरंत सूचना दें।
प्रशांत, प्रधान ग्राम पंचायत शांशा ने कहा कि पंचायत बच्चों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण समिति को सक्रिय किया जाएगा और स्कूल ड्रॉपआउट बच्चों को वापस मुख्यधारा में लाया जाएगा।
श्रीमती कविता ढीसा, समन्वयक, स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसी (SAA), केलांग ने दत्तक ग्रहण (Adoption) की कानूनी प्रक्रिया, अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों के अधिकारों तथा CARA के माध्यम से कानूनी गोद लेने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गैर-कानूनी गोद लेना अपराध है।श्रीमती शशि धीमान, काउंसलर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 ने बच्चों को बहुत ही सरल भाषा में गुड टच-बैड टच, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मानसिक तनाव से निपटने के उपायों के बारे में बताया। उन्होंने एक इंटरैक्टिव सत्र के माध्यम से बच्चों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें निर्भय होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. निर्भय भानु, चिकित्सा अधिकारी, PHC शांशा ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, संतुलित पोषण, एनीमिया की रोकथाम तथा नशा मुक्ति पर विस्तार से बात रखी। उन्होंने बताया कि PHC में किशोर स्वास्थ्य क्लिनिक हर बुधवार को आयोजित होता है।
श्री अशोक कुमार, प्रधानाचार्य, रा.व.मा.वि. शांशा ने सभी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति के बच्चों के लिए इस प्रकार के शिविर बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बाल अधिकार क्लब का गठन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को बाल अधिकारों की शपथ दिलाई गई और जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया। मंच संचालन विद्यालय के अध्यापक द्वारा किया गया।

  1. इस अवसर पर स्कूल स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं महिला मंडल की प्रधान सहित 95 लोग उपस्थित रहे।