Hindi News » kullu » %e0%a4%95%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%82 %e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82 %e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b8 %e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%8d

कुल्लू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग; 11 दिसंबर तक का अल्टीमेटम

Kullu Manali Headlines

कुल्लू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग; 11 दिसंबर तक का अल्टीमेटम

​कुल्लू, 13 नवंबर। जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू की कार्यकारिणी ने एक विशेष बैठक में प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार में मंडी लोकसभा क्षेत्र को उचित प्रतिनिधित्व देने और कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को शीघ्र कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग उठाई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय कुल्लू में जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि आगामी 11 दिसंबर 2026 तक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू की संपूर्ण कार्यकारिणी, 16 जोन अध्यक्ष, 157 बूथ अध्यक्ष और सभी फ्रंटल संगठनों के प्रमुख अपने-अपने पदों से सामूहिक त्यागपत्र दे देंगे।

​जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू के 11 नवंबर 2026 को हुए जनरल हाउस में पारित प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए जिला कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से इस मांग का समर्थन किया। जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी वर्ष 2023 से लगातार सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की मांग कर रही है, जिस पर केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय असंतुलन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश के अन्य लोकसभा क्षेत्रों की तुलना में मंडी संसदीय क्षेत्र की अनदेखी हो रही है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में शिमला संसदीय क्षेत्र से 5 मंत्री और 12 से अधिक लाभ के पद दिए गए हैं, कांगड़ा से 2 मंत्री व 6 लाभ के पद और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एक मंत्री सहित लगभग 6 लाभ के पद दिए गए हैं, जबकि भौगोलिक रूप से आधे हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाले मंडी संसदीय क्षेत्र से जनजातीय क्षेत्र से केवल एक ही मंत्री बनाया गया है।

​अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि पूर्व की सभी सरकारों में कुल्लू को पहले ही चरण में मंत्रिमंडल में स्थान मिलता रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार के चार साल पूरे होने को हैं और कुल्लू की जनता अभी भी मंत्री पद की प्रतीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि मुख्यमंत्री कई बार सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की बात कह चुके हैं जिसका वे स्वागत करते हैं, लेकिन सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने से पूर्व मंडी लोकसभा क्षेत्र के कोटे से कुल्लू को कैबिनेट मंत्री का पद अनिवार्य रूप से मिलना चाहिए। जिला कार्यकारिणी ने यह भी चेतावनी दी है कि आवश्यकता पड़ने पर चारों ब्लॉक अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ दिल्ली जाकर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से रखा जाएगा।

​जिला कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि यह प्रस्ताव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त, बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ राष्ट्रव्यापी अभियान को जिले के चारों ब्लॉकों की जोनल, पंचायत और बूथ कमेटियों तक ले जाने तथा पदाधिकारियों के संगठनात्मक कार्यों की विधानसभा-वार रिपोर्ट तलब करने का भी निर्णय लिया गया। यह जानकारी जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद तथा महासचिव एवं मीडिया प्रभारी संजय गुप्ता ने संयुक्त रूप से जारी विज्ञप्ति में दी।