न्यूज सर्विस, कुल्लू। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कुल्लू बस अड्डे से 15 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और हिमाचल को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से कुल्लू-मनाली घाटी में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आरामदायक, सुरक्षित और धुआं रहित सफर की सुविधा उपलब्ध होगी।
कुल्लू डिपो में अब 32 इलेक्ट्रिक बसें
विधायक ने बताया कि सभी 15 नई बसें आधुनिक जीपीएस सिस्टम और सुरक्षा तकनीकों से लैस हैं। इन्हें जिले के विभिन्न स्थानीय और प्रमुख रूटों पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू डिपो में पहले से 17 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। नई बसों के शामिल होने के बाद डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 32 हो जाएगी। सुंदर सिंह ठाकुर ने कुल्लू को 15 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।
कुल्लू डिपो की उपलब्धियों का किया जिक्र
विधायक ने कहा कि कुल्लू डिपो देश में सरकारी परिवहन व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करने वाले शुरुआती डिपो में शामिल है और इसे प्रदेश के लाभकारी डिपो में भी गिना जाता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू बस अड्डा भवन भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। पीज के लिए प्रस्तावित रोपवे के निर्माण से बस अड्डे का महत्व और बढ़ेगा।
शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता पर जोर
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद और प्रशासन की ओर से भी इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी एक महीने में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस अड्डे सहित पूरे कुल्लू शहर को स्वच्छ बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि कुल्लू को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
आने वाले समय में बढ़ेगा इलेक्ट्रिक वाहनों का बेड़ा
विधायक ने नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए परिवहन विभाग और एचआरटीसी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के परिवहन बेड़े में और अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाएगा, जिससे पूरी घाटी में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में डीडीएम डीके नारंग ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, पार्षदगण, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर, आरटीओ आकांक्षा शर्मा, जिला रेडक्रॉस सचिव चंद्र केश शर्मा, एचआरटीसी डीडीएम मंडी उत्तम सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी केलांग अंशित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
