न्यूज सर्विस, कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी के दुर्गम क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डायना सौर झील के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ ‘बीस भादो’ उत्सव के अवसर पर डायना सौर घूमने गया था। मृतक की पहचान 21 वर्षीय शुभम ठाकुर पुत्र ऋषि लाल, निवासी त्रिसड़ी, डाकघर शिरड़, तहसील एवं जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम ठाकुर अपने दोस्तों के साथ डायना सौर गया था। इस दौरान उसके साथ पुष्कर ठाकुर (23) पुत्र देव दत्त, निवासी गलछेत, डाकघर शिरड़, संजीव कुमार (23) पुत्र रोशन लाल, निवासी त्रिसड़ी, डाकघर शिरड़ तथा मनोज कुमार (23) पुत्र गोविंद, निवासी भटकराल, डाकघर शिरड़ भी मौजूद थे।
दुर्गम रास्ता तय कर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आई। एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि पुलिस टीम ने कठिन और दुर्गम रास्ता तय कर मौके पर पहुंचकर बीती रात शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
गांव में पसरा मातम
शुभम ठाकुर की अचानक हुई मौत की खबर से उसके पैतृक गांव त्रिसड़ी और पूरे शिरड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ‘बीस भादो’ उत्सव की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। पुलिस के अनुसार मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
