Hindi News » kullu » strong leadership in panchayats will lead to overall development of villages jai ram thakur

पंचायतों में मजबूत नेतृत्व से ही गांवों का होगा समग्र विकास : जयराम ठाकुर

बंजार के कलाकेंद्र में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए जनसेवा और गांवों के विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। विधायक सुरेंद्र शौरी ने भी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने की बात कही।
sitemanager

न्यूज सर्विस, कुल्लू। बंजार विधानसभा क्षेत्र के कलाकेंद्र में सोमवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने किया। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की पहली पाठशाला और गांवों के विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। जनता ने जिन प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है, अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे इस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों की वास्तविक समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं और सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत और जवाबदेह पंचायती नेतृत्व समय की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों को प्राथमिकता देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर विकास का संकल्प

बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल स्मृति चिह्न प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव की जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मान और उनके साथ खड़े होने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव-गांव में जनता की आवाज हैं और क्षेत्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है।उन्होंने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। सुरेंद्र शौरी ने कहा कि राजनीति का वास्तविक अर्थ सत्ता नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से बिना किसी भेदभाव के अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और प्रत्येक वर्ग की सेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में पहुंचे पंचायत प्रतिनिधि

समारोह में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य कुसुमलता दीपक सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बंजार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पंचायत प्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी के चलते समारोह में सम्मान के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का माहौल भी देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान पंचायत स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक विकास और जनसेवा के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संदेश दिया गया।

Topics: Himachal Kullu News Kullu News Kullu News Today