जसवीर सिंह पाल, कुल्लू। सरवरी लोअर ढालपुर पुल पर नगर परिषद की ओर से पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के पोल को कुछ युवाओं द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। नगर परिषद ने भारी भीड़भाड़ के दौरान संभावित हादसों को रोकने के उद्देश्य से पुल पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए ये सुरक्षा पोल स्थापित किए थे।स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ बाइक सवार युवाओं को यह व्यवस्था रास नहीं आ रही है और वे आए दिन सुरक्षा पोलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीती रात भी कुछ युवक बाइक पर सवार होकर पुल पर पहुंचे और एक तरफ लगाए गए लोहे के पोल को तोड़ दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
पोल तोड़ने की पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में युवाओं को सुरक्षा पोल को नुकसान पहुंचाते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद नगर परिषद की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने को लेकर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और फुटेज के आधार पर पोल तोड़ने वाले युवाओं की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। नगर परिषद की ओर से लगाए गए सुरक्षा पोल का उद्देश्य पुल पर पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध करवाना है। ऐसे में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
