– कुल्लू कालेज में इंटर कालेज बैडमिंटन और शूटिंग चैम्पियनशिप का शुभारंभ
– दरंग, हरिपुर व कुकुमसेरी कालेज ने पिस्टल और राइफल से निशाना लगाया
कुल्लू (8 अक्तूबर, 2026)। मौजूदा समय में खेल केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। बैडमिंटन और शूटिंग भले ही अलग-अलग खेल हैं, लेकिन दोनों की नींव एकाग्रता, धैर्य और आत्मविश्वास पर टिकी है। यह बात सैंज महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुजाता ने वीरवार को राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में आयोजित इंटर कॉलेज बैडमिंटन एवं शूटिंग चौंपियनशिप के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि कही।
प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि बैडमिंटन में पलभर की चूक अंक छीन सकती है, जबकि शूटिंग में सांस की हलचल भी निशाने को बदल सकती है। दोनों खेल हमें सिखाते हैं कि जीवन में लक्ष्य पर नजर रखने और शांत मन से डटे रहने वाला व्यक्ति ही आगे बढ़ता है। डा. सुजाता ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की स्पोर्ट्स एंड को-करिकुलर एक्टिविटीज काउंसिल के लिए इंटर कॉलेज प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है। मानव संसाधन और विशेषज्ञ टीम की कमी के बावजूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन सामूहिक प्रयास से संभव हो पा रहा है। प्राचार्य डा. राकेश राणा ने मुख्य अतिथि का कुल्लवी परम्परा के अनुसार मुख्यअतिथि तथा प्रतिभागियों का स्वागत किया।
आयोजन सचिव डा. ओम प्रकाश ने बताया कि बैडमिंटन का पहला मुकाबला मेजबान कुल्लू कालेज और करसोग कालेज के बीच छात्रा वर्ग का खेला गया। प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पहले मुख्य अतिथि डा. सुजाता ने प्राचार्य राकेश राणा और आईक्यूएसी प्रभारी डा. सोम नेगी के साथ दोनों कालेज के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच के दौरान पहला स्कोर कुल्लू कालेज की खिलाड्ी ने बनाया। करसोग कालेज की खिलाड्ी ने जल्द ही बराबर कर दिया। इसके बाद कुल्लू कालेज की खिलाड़ी ने लगातार चार स्कोर बनाकर बढ़त बना लिया। अंततः करसोग को हराकर कुल्लू कालेज ने सेमीफाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर ली। इसी प्रकार हरिपुर कालेज को हराकर मंडी और बंजार कालेज को हराकर एमएलएसएम सुंदरनगर की छात्रा खिलाड़ी भी सेमी फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है।
उधर, 10 मीटर पिस्टल और राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में दरंग, हरिपुर व कुकुमसेरी कालेज के प्रतिभागियों ने निशाना लगाया। इस दौरान प्राचार्य डा. राकेश राणा, प्रो. राजेश कुमार, डा. सोम नेगी, डा. निर्मला सिंह, डा. राज कुमार, डा. हीरा मणि, डा. हेमराज, डा. ठाकुर सेन, डा. संतोष, डा. पूने राम समेत महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
