- केवीएस ने अटल सदन में मनाया वार्षिक समरोह
नन्हे बच्चों ने बिखेरे जलवे
डीजीपी तिवारी रहे मुख्यातिथि
कहा, नशा परिवार के एक सदस्य को नहीं पुरे परिवार को अंधकार में धकेल देता है
अटल सदन में कुल्लू वैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामशीला का वार्षिक समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जिनका स्कूल के प्रिंसिपल संजीव भारद्वाज व वाइस प्रिंसिपल मंजू भारद्वाज ने कुल्लवी परंपरा के अनुसार टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षा उप निदेशक और नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने छात्रों ने एक से बढ़कर एक खूबसूरत नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने धार्मिक और सामाजिक संदेश देने वाले मनमोहक नाटक व नृत्य पेश कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों और छात्रों को संबोधित करते हुए डीजीपी अशोक तिवारी ने बच्चों के प्रस्तुतिकरण की सराहना की। उन्होंने छात्रों से कहा कि भविष्य के लिए बड़े सपने देखना अच्छी बात है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत और जुनून की जरूरत होती है। उन्होंने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे किसी से कम नहीं हैं, बल्कि वे लड़कों से भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। अभिभावकों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि केवल बच्चों को स्कूल भेज देना ही काफी नहीं है, बल्कि माता-पिता को उनके साथ समय बिताकर उनकी भावनाओं को समझना चाहिए, क्योंकि बच्चे सबसे पहले अपने परिवार से ही सीखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने समाज में फैल रहे नशे के जहर पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चिट्टा आज समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है, जिससे निपटने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है, लेकिन इसमें जनभागीदारी बेहद जरूरी है। प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टा के विरुद्ध चलाए गए जन आंदोलन को सफल बनाने के लिए हर नागरिक, बच्चे और बुजुर्ग को जागरूक होना होगा। उन्होंने चेताया कि नशे की चपेट में आने से केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार का भविष्य अंधकार में डूब जाता है।

