Hindi News » kullu » %e0%a4%ac%e0%a5%80 %e0%a4%8f%e0%a4%a1 %e0%a4%95%e0%a5%89%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%9c %e0%a4%97%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%b8%e0%a4%be %e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82 %e0%a4%b5%e0%a4%bf%e0%a4%b6%e0%a5%8d

बी.एड. कॉलेज गड़सा में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

Kullu Manali Headlines

बी.एड. कॉलेज गड़सा में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
बी.एड. कॉलेज गड़सा में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कुल्लू,

। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर के दिशा-निर्देशानुसार कुल्लू कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बी.एड. कॉलेज गड़सा में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस तथा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्य द्वारा स्वास्थ्य विभाग की टीम का दीप प्रज्वलित कर स्वागत करने के साथ किया गया। इस अवसर पर एटीएफ भुंतर के नोडल अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्यव्रत वैद्या ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. वैद्या ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को स्वस्थ रखना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। यदि कोई बच्चा अथवा युवा तनाव, चिंता, अवसाद या किसी अन्य मानसिक परेशानी से गुजर रहा हो, तो उसे अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। ऐसे व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनना, उसे भावनात्मक सहयोग देना तथा आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं भी अपने मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखें और अपने आसपास ऐसे लोगों की पहचान कर उनका सहयोग करें, जिन्हें भावनात्मक सहारे की आवश्यकता है।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर हेल्थ एजुकेटर निर्मला महंत ने बुजुर्गों के सम्मान, स्वास्थ्य एवं देखभाल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र जीवन की स्वाभाविक प्रक्रिया है और उम्र केवल एक संख्या है। हमारे बुजुर्ग अपने जीवन के लंबे अनुभव, ज्ञान और संस्कारों के कारण परिवार एवं समाज के लिए महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इसलिए उन्हें कभी भी अकेला या उपेक्षित महसूस नहीं होने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों को अपने बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करवाना चाहिए। विशेष रूप से दांत, आंख और कान से संबंधित समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में ‘मुस्कान योजना’ के अंतर्गत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क डेंचर (कृत्रिम दांत) की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार एवं आसपास के बुजुर्गों को आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संस्थान में जांच एवं उपचार के लिए लेकर जाएं।
कार्यक्रम के दौरान बी.एड. कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा आत्महत्या रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सहयोग पर आधारित एक प्रभावशाली स्किट प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। स्किट के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति को अकेला छोड़ने के बजाय उसकी बात सुनना, समझना और समय पर सहयोग एवं उपचार उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने वाले छात्र-छात्राओं को डॉ. सत्यव्रत वैद्या के करकमलों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्थ एजुकेटर निर्मला महंत एवं मेल हेल्थ सुपरवाइजर वीरेंद्र सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही। कॉलेज के प्राचार्य, अध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल, जरूरतमंद व्यक्ति का सहयोग और बुजुर्गों का सम्मान एवं संरक्षण स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।