*मुख्यमंत्री 26 और 27 अक्तूबर को कुल्लू दौरे पर रहेंगे*
कुल्लू, 25 अक्तूबर : उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू 26 अक्तूबर से दो दिवसीय कुल्लू जिला के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।
- मुख्यमंत्री 26 अक्टूबर को 12:20 पर भुंतर हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर के विस्तार का लोकार्पण करेंगे। इसके उपरांत वे दोपहर 12:40 बजे एचपी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, बजौरा पहुंचेंगे, जहां बंजार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके उपरांत मुख्यमंत्री 1:40 बजे पिरड़ी पहुंचेंगे। यहां वे कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। उन्होंने बताया कि सायं 6:10 बजे मुख्यमंत्री ढालपुर स्थित रथ मैदान पहुंचेंगे, जहां वे ड्रोन शो, लेजर शो और ग्लोबल डांस कार्यक्रम का अवलोकन करेंगे। इसके बाद सायं 7:50 बजे भगवान रघुनाथ जी के शिविर में पूजा अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री
रात 9:35 बजे लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र पहुंचेंगे, जहां वे सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री 27 अक्तूबर को प्रातः 10 बजे कुल्लू कार्निवल में भाग लेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के समापन समारोह में शिरकत करेंगे।
