न्यूज सर्विस कुल्लू। नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर और उपाध्यक्ष शालिनी राय भारद्वाज ने शहर के संडे मार्किट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तह-बजारी (वसूली) व्यवस्था और अस्थाई दुकानदारों को जारी की गई रसीदों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण का उद्देश्य बाजार में व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखना रहा। निरीक्षण के बाद नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संडे मार्किट से होने वाली आय का उपयोग गोसदन के रखरखाव और संचालन में किया जाता है।
तह-बजारी व्यवस्था का तैयार होगा नया खाका
तह-बजारी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए नगर परिषद की ओर से नया खाका तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही संडे मार्किट में दुकानें लगाने वाले सभी अस्थाई दुकानदारों की आधिकारिक सूची भी तैयार की जाएगी, जिससे व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।
यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन से होगी बातचीत
संडे मार्किट में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए हर रविवार वाहनों की आवाजाही को अस्पताल मार्ग से संचालित करने के विकल्प पर जिला प्रशासन से बातचीत की जाएगी। नगर परिषद की इस पहल का उद्देश्य संडे मार्किट की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ तह-बजारी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। इससे गोसदन के संचालन में मदद मिलने के साथ आम जनता और बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
