न्यूज सर्विस, कुल्लू। जिला कुल्लू के बंजार विधानसभा क्षेत्र के कलाकेंद्र में सोमवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने किया। इस दौरान विभिन्न पंचायतों से नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की पहली पाठशाला और गांवों के विकास की महत्वपूर्ण इकाई हैं। जनता ने जिन प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है, अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे इस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों की वास्तविक समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं और सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम रहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत और जवाबदेह पंचायती नेतृत्व समय की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों को प्राथमिकता देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर विकास पर जोर
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल स्मृति चिह्न देने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव की जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मान और उनके साथ खड़े होने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव-गांव में जनता की आवाज हैं और क्षेत्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए पंचायतों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। सुरेंद्र शौरी ने पंचायत प्रतिनिधियों से बिना किसी भेदभाव के अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और प्रत्येक वर्ग की सेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे नवनिर्वाचित प्रतिनिधि
समारोह में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य कुसुमलता दीपक सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बंजार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान पंचायत स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक विकास और जनसेवा के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
