न्यूज सर्विस, कुल्लू। माता पार्वती चोगासन चौंग मंदिर में रविवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। क्षेत्र की महिलाओं और विवाहित बेटियों ने मंदिर पहुंचकर माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की और उन्हें धूप अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्थानीय स्तर पर इस पारंपरिक धार्मिक आयोजन को ‘धूप देना’ कहा जाता है।
इस विशेष अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं के साथ-साथ विवाह के बाद क्षेत्र से बाहर रह रही बेटियां भी विशेष रूप से चौंग मंदिर पहुंचीं। महिलाएं सजी हुई पूजा की थालियां लेकर माता के दरबार में पहुंचीं और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर माता को धूप अर्पित किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी और देखते ही देखते मंदिर परिसर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना
स्थानीय मान्यता के अनुसार माता पार्वती को धूप अर्पित करने से माता प्रसन्न होती हैं और महिलाओं को सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि माता पार्वती पूरे वर्ष उनके और उनके परिवार की रक्षा करती हैं। इसी आस्था के चलते क्षेत्र से बाहर ब्याही बेटियां भी इस विशेष अवसर पर अपने मायके और माता के दरबार पहुंचकर सदियों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में शामिल होती हैं। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। महिलाओं ने कीर्तन और भजन के माध्यम से माता पार्वती की स्तुति की तथा सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। श्रद्धा और भक्ति से भरे इस आयोजन ने क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपरा के साथ बेटियों के अपने मायके और आराध्य देवी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को भी जीवंत कर दिया।
बिजली महादेव क्षेत्र से भी पहुंचती हैं महिलाएं
स्थानीय धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती क्षेत्र की आराध्य देवी हैं, जबकि महादेव उनके पति माने जाते हैं और उनका निवास बिजली महादेव क्षेत्र में माना जाता है। इसी धार्मिक आस्था और परंपरा के चलते बिजली महादेव क्षेत्र की महिलाएं भी विशेष आयोजन के दौरान माता पार्वती के मंदिर पहुंचकर धूप अर्पित करती हैं। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में महिलाओं और बेटियों की मौजूदगी ने क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं की जीवंत तस्वीर पेश की।
