लाहौल एवं स्पीति की चाईल्ड हेल्पलाइन यूनिट द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जहालमा में बाल अधिकारों पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. हीरा नंद ने की। शिविर में छात्र-छात्राओं, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला मंडल सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में डॉ. अंकिता ने किशोरावस्था में नशे के दुष्प्रभावों व बचाव पर विचार रखे, तो जोगिंदर कुमार ने जेंडर सेंसिटिविटी, लैंगिक समानता और POCSO अधिनियम की जानकारी दी। डॉ. हीरा नंद ने बच्चों के चार मुख्य अधिकारों और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। वहीं काउंसलर शशि दीवान ने निशुल्क चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और ‘गुड टच-बैड टच’ पर जागरूक किया। SAA कोऑर्डिनेटर कविता ढीसा ने CARA के माध्यम से कानूनी गोद लेने की प्रक्रिया स्पष्ट की तथा ASI गिरधारी लाल ने स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट की कार्यप्रणाली व साइबर सुरक्षा के टिप्स दिए।
इस दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि अक्टूबर-नवंबर 2026 में लाहौल ब्लॉक के सभी 45 सरकारी व निजी स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। अंत में स्कूल प्रिंसिपल शांति देवी के धन्यवाद ज्ञापन और बच्चों द्वारा ली गई बाल अधिकार रक्षा की शपथ के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
